आदमपुर थानाक्षेत्र के रहरा चौकी पास मंगलवार की रात सड़क किनारे खाली खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में स्कार्पियो घुस गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। स्कार्पियो सवार अनूप शहर से शादी समरोह से लौट रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गजरौला थानाक्षेत्र के मोहरक्का पट्टी निवासी समीर खां (27) के हापुड़ निवासी दोस्त लोकेश के भाई की मंगलवार को शादी थी। हापुड़ से अनूप शहर बारात गई थी। समीर गजरौला से किराए पर स्कार्पियो लेकर अपने पांच दोस्तों के साथ अनूप शहर शादी में गया था। शादी में शरीक होने बाद रात में सभी स्कार्पियो से गजरौला के लिए निकल पड़े। रात करीब साढ़े बारह बजे के करीब अभी रहरा पहुंचे थे कि स्कार्पियो अनियंत्रित होकर चौकी के पास सड़क किनारे खाली खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में घुस गई। स्कार्पियो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में समीर सहित चालक अंकित नागर निवासी चकनवाला गजरौला, जसवंत गिरी, विशाल, आंसू निवासी अतरपुरा गजरौला और फारूक निवासी मोहल्ला मायापुरी गजरौला गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रहरा सीएचसी लाया गया। जहां चालक अंकित को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। जबकि बाकी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के लिए ले जाते समय समीर की भी मौत हो गई। वहीं अंकित के शव को पोस्टमार्टम के लिए अमरोहा भेज दिया गया।