अमरोहा। पिता-पुत्र ने युवक को 50 गज का प्लॉट बेचने का झांसा देकर दो लाख रुपये हड़प लिए। अब प्लॉट का बैनामा कराने से मना कर दिया। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अमरोहा के मोहल्ला गुजरी दर्जी वाली गली निवासी गुड्डू द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक मोहल्ला दरवारे कलां इमामबाड़े के पास रहने वाले अफान और उसके पिता युसूफ से जान पहचान थी। दोनों ने रौनक वाटिका के पीछे प्लॉट दिखाया। प्लॉट का सौदा चार लाख रुपये में तय हो गया। इसके बाद गुड्डू ने दो लाख रुपये पिता-पुत्र को नकद दे दिए जबकि दो लाख चार महीने बाद देना तय हुआ था।
समय आने पर गुड्डू ने प्लॉट का बैनामा करना के लिए कहा तो पिता-पुत्र टालमटोल करने लगे और फिर बैनामा कराने से मना कर दिया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि 27 सितंबर की शाम पांच बजे गुड्डू बाजार गुजरी से होकर जा रहे थे। तभी अफान और उसके पिता युसूफ मिले और दोनों ने मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि मामले में अफान और उसके पिता यूसुफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।