सैदनगली में आग में झुलसने के बाद उपचार के दौरान हुई मासूमों की मौत, दोनों मासूमों के फाइल फोटो।
- फोटो : HASANPUR
सैदनगली। कस्बे में बुधवार को खेल-खेल के दौरान कमरे में आग लगने के कारण चपेट में आए दो मासूम बच्चों की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट गया। दोनों बच्चे आपस में मौसेरे भाई थे। घटना के वक्त ननिहाल में आए हुए थे।
नगर के मोहल्ला मनिहारान निवासी मोहम्मद जहूर पुत्र मोहम्मद जान की एक विवाहित बेटी सैदनगली में ही रहती है। जबकि उनकी दूसरी बेटी की शादी अमरोहा के मोहल्ला नौबतखाना में हुई है। कई दिन पहले दूसरी अपने पांच वर्षीय बेटे मोहम्मद जान के साथ अपने मायके सैदनगली में आई थी। इसकी जानकारी मिलने पर सैदनगली में ही रहने वाली विवाहित बहन का चार वर्षीय बेटा असद भी वहां पहुंच गया। बुधवार को असद एवं मोहम्मद जान कमरे में खेल रहे थे। अचानक खेल-खेल में कमरे में आग लग गई। कमरे में कबाड़ रखा हुआ था। जिसने तेजी से आग पकड़ ली। आग में दोनों बच्चे बुरी तरह से झुलस गए थे। दोनों को उपचार के लिए संभल के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया था। जहां दोनों की उपचार के दौरान रात्रि में मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। संभल में ही पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव घर लाए गए।
असद की मौत से बुझ गया घर का चिराग
सैदनगली। आग से झुलसे असद की मौत होने से घर का चिराग भी बुझ गया। बताते हैं कि असद परिवार में इकलौता बेटा था। असद की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। जबकि मोहम्मद जान चार बहन भाइयों में दूसरे नंबर का था। मासूम बच्चों की मौत से तीन परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट गया। मासूमों की मौत से सैदनगली के मोहल्ला मनिहारान में भी मामत छाया हुआ है।