अमरोहा। शनिवार और रविवार को दो दिन की लगातार बारिश ने जिले की बदहाल सड़कों की पोल खोल दी है। बारिश के बाद सड़कों के गड्ढे और गहरे हो गए हैं। इनमें पानी भरने से राहगीरों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। अमरोहा शहर के आजाद रोड समेत बिजनौर रोड और नौगावां सादात रोड पर जगह-जगह गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बने हैं।
दोपहिया वाहन चालक इन गड्ढों में फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं, ऑटो और ई-रिक्शा के पलटने का खतरा बना रहता है। गड्ढों में वाहन फंसने से जाम की स्थिति भी बन रही है। रात में स्थिति और खतरनाक हो जाती है। हर साल गड्ढा मुक्ति अभियान और सड़क मरम्मत के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद समस्या जस की तस है। नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी और एनएच विभाग की जिम्मेदारी होने के बावजूद सड़कों की बदहाली जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है।
दावे हवाई, 15 सितंबर से गड्ढे भरने का था दावा
बरसात खत्म होने के बाद जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लोक निर्माण विभाग का दावा अब तक धरातल पर नहीं उतर सका है। विभाग ने 15 सितंबर से गड्ढों को भरने का अभियान शुरू करने की बात कही थी, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ। जिले में करीब 160 किलोमीटर सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बने हैं। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। वहीं, त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत 29 किलोमीटर सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए शासन से 10.50 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। कुछ स्थानों पर 40 लाख रुपये से कम लागत वाले काम शुरू हुए थे, लेकिन बारिश के कारण रोक दिए गए। मौसम साफ होने के बावजूद कार्य दोबारा शुरू नहीं कराए गए हैं।
-
20 गांवों को जोड़ने वाला रास्ता कीचड़ में बंद
मंडी धनौरा। कुआंखेड़ा गांव में सफाई के अभाव में करीब 250 मीटर लंबा पक्का मार्ग कीचड़ और गंदगी से पट गया है। इससे ग्रामीणों ने इस रास्ते से आवागमन बंद कर दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव के उत्तरी छोर पर स्थित यह मार्ग करीब 20 गांवों को जोड़ता है। आरोप है कि एक पूर्व प्रधान ने मार्ग के किनारे प्लाटिंग कराकर सड़क को काफी नीचे कर दिया, जिससे बारिश और गंदा पानी भरने की समस्या बढ़ गई। सफाई नहीं होने से मार्ग पर लगातार कीचड़ जमा है। भाकियू असली के जिला प्रवक्ता नरेश कुमार समेत ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम प्रधान और जिला पंचायत स्तर से भी सफाई नहीं कराई गई। असलम, वीर सिंह और अजय कुमार ने डीएम से मार्ग की सफाई कराकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।
-
जर्जर सड़कों पर सफर बना जोखिम, गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा
हसनपुर/बुरावली। क्षेत्र की जर्जर सड़कें राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। हसनपुर-रहरा मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। रुस्तमपुर खादर के पास सड़क की स्थिति सबसे खराब बताई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक गड्ढों के कारण वाहन चालक कई बार अनियंत्रित हो जाते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। वहीं हसनपुर से झकड़ी-भदौरा को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त है। बुरावली में महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के सामने मुख्य मार्ग पर बने गहरे गड्ढों से विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी परेशानी हो रही है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर मार्गों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
....
बरसात की वजह से सड़कों में जहां पर गड्ढे हो गए हैं। उनको ठीक कराया जाएगा। ऐसे मार्गों को चिह्नित कराया जाएगा। उनमें पेंच वर्क कराकर गड्ढों की समस्या को दूर कराया जाएगा। जिससे लोगों को परेशानी न हो।
-गिरीशचंद, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग