रजबपुर(अमरोहा)। घर के बाहर खेलते समय नाले में डूब कर ढाई साल के बालक की मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बमुश्किल बच्चे को नाले से निकाला और चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
यह घटना रजबपुर थानाक्षेत्र के अतरासी कलां गांव की है। यहां पर किसान कादर खां का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी भूरी के अलावा दो बेटे शमी और अबूबकर हैं। बुधवार की सुबह अबूबकर (ढाई साल) मोहल्ले के बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। घर के पास ही एक नाला बना हुआ है, जिस पर स्लैब भी नहीं पड़ी है। खेलते समय मासूम अबुबकर नाले में गिर कर समा गया। वह दिख नहीं रहा था। उसे गिरता देखकर साथ बच्चों ने शोर मचा दिया। बच्चों का शोर सुनकर कादर खां बाहर निकल आए। मोहल्ले के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद परिजनों ने मशक्कत कर अबूबकर को बाहर निकला। आनन-फानन में उसे निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसके मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मां भूरी और पिता कादर खां का रो-रोकर बुरा हाल है। दोपहर के बाद परिजनों ने बगैैर कानूूनी कार्रवाई के बालक के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है।