रहरा (अमरोहा)। रहरा थाना क्षेत्र के दौरारा लिंक मार्ग पर पैदल जा रहे दो युवकों पर रंजिश के चलते बोलेरो चढ़ाकर एक की जान लेने के मामले में गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों की निशादेही पर पुलिस ने कार बरामद कर ली है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
मंगलवार रात को गांव दौरारा की तरफ पैदल जा रहे खेलिया खालसा निवासी रामनिवास (20) और सत्येंद्र को कार चालक ने रंजिश में कुचल दिया था। जिसमें रामनिवास की मौत हो गई थी। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने देर रात हसनपुर-रहरा मार्ग पर जाम लगाया था, जिसे एएसपी अखिलेश भदोरिया ने मौके पर पहुंच कर जाम खुलवाया था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर भी परिजनों ने हंगामा किया था।
आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की थी। पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में दो नामजद आरोपियों शिवम सागर निवासी गांव लुहारी खादर थाना हसनपुर और विक्रम निवासी ग्राम सौंधन थाना केला देवी जनपद संभल को गिरफ्तार किया गया था। कार्यवाहक थाना प्रभारी संदीप पंवार के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि तीन जून को गांव भीमा सुल्तापुर से एक बरात लुहारी खादर गई थी। जिसमें डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया। उस बरात में खैलिया खालसा निवासी मृतक रामनिवास भी गया था। तभी से आरोपी शिवम सागर के द्वारा रामनिवास से रंजिश शुरू हो गई थी। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कार को बरामद कर लिया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।