रजबपुर। किसान की रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह बहन के घर से लौटकर ट्रेन पकड़ने के लिए चक्काली लेट हाल्ट पर रेलवे लाइन पार कर रहे थे। सूचना पर पहुंची जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने जांच पड़ताल की। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
रजबपुर थानाक्षेत्र के गांव नगलिया जट निवासी किसान कावेंद्र सिंह तीन दिन पहले अमरोहा देहात क्षेत्र के गांव खेमपुर स्थित अपनी बहन के घर गए थे। शुक्रवार सुबह वह अपने घर लौटने के लिए पास स्थित चक्काली लेट हाल्ट पर ट्रेन पकड़ने पहुंचे। सुबह करीब 10 बजे हाल्ट पर एक पैसेंजर ट्रेन खड़ी थी। इसी दौरान वह दूसरी ओर जाने के लिए रेलवे लाइन पार करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी बीच दूसरी दिशा से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।