रजबपुर। घर के घुसकर महिला की पिटाई कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
रजबपुर थानाक्षेत्र के कूबी गांव में यहां पर त्रिवेंद्र सिंह का परिवार रहता है। पुलिस के मुताबिक रविवार की सुबह 11 बजे उनकी बहन रूबी घर के बाहर खड़ी थी। तभी पड़ोस में रहने वाले अमन ने रूबी को थप्पड़ मारते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी अमन अपने परिजनों के साथ घर में घुस आया और लाठी-डंडे व सरियों से मारपीट की। बचाव में आए त्रिवेंद्र के भाई देवेंद्र और माता राजवती को भी बुरी तरह पीटा।
आरोपियों ने राजवती के सिर में सरिया मार कर घायल कर दिया। जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। तभी, आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। परिजनों ने राजवती को जोया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। लेकिन, इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह राजवती की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस में त्रिवेंद्र सिंह की तहरीर पर अमन, मिंकू, हर्ष और योगिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में राजवती की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा की बढ़ोतरी की गई। बाद में आरोपी अमन और हर्ष को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया है।