क्षेत्र के गांव सिहाली जागीर में सड़क किनारे स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने जा रहे अधेड़ रोजेदार को ट्रक ने टक्कर मार दी। मेरठ ले जाते समय उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़कर जमकर पीटा। इसमें चालक अधमरा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को सीएचसी में भर्ती कराया ।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिहाली जागीर निवासी जमीर खां(53) पुत्र जहूर खां गांव में ही खेती-किसानी करते हैं। वह रोजे रखे हुए हैं, सोमवार शाम करीब चार बजे जमीर खां सड़क वाली मस्जिद में नमाज पढ़ने जा जा रहे थे। जैसे ही वह मस्जिद के निकट पहुंचे, तभी गजरौला की ओर सेे हसनपुर की तरफ गैस सिलेंडर लेकर जा रहे ट्रक ने कुचल दिया।
परिजन उसे मेरठ ले जा रहे थे कि, रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इधर, एकत्र ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर जमकर पीटा। सूचना पर पहुंचे एसएसआई और फोर्स ने चालक को नगर के साम़ुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालते में डाक्टरों ने अमरोहा जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे मेरठ ले जा रहे थे।
कोतवाल अनिल समानिया ने बताया कि मृतक के भतीजे की तहरीर पर ट्रक चालक सतेंद्र कुमार पुत्र इंद्रपाल निवासी गंगेटा थाना बहजोई जनपद संभल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रोजेदार की मौत से एक बेेटा और सात बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। जमीर ने तीन बेटियों की शादी कर दी है। जब कि चार बेटी व एक बेटे की शादी नहीं हुई है।