गंगा दशहरा पर भारी तैयारी के बाद भी ब्रजघाट पर जाम से पुलिस ने सबक नहीं लिया। पांच दिन बाद ही पड़ी ज्येष्ठ पूर्णिमा स्नान को हल्के में लिया। पूरी तैयारी नहीं की गई, जाम से निपटने के लिए महज कुछ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई।
उन्होंने भी गंभीरता नहीं दिखाई, नतीजतन सोमवार को स्नान के लिए ब्रजघाट पर श्रद्धालु उमड़े तो ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। एक तो बढ़े ट्रैफिक का दबाव, दूसरे ड्यूटी से गायब पुलिसकर्मियों का लाभ उठाकर चालकों के आगे निकलने की होड़ में पूरी व्यवस्था बिगड़ गई। हाल यह रहा कि, सुबह दस बजे से गजरौला के जीरो बंधा से गढ़मुक्तेश्वर के टोल प्लाजा तक तकरीबन पांच किलोमीटर तक जाम लगा रहा। इस आठ घंटे तक वाहन रेंग-रेंग कर चले।
सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक तो वाहनों का रेंगना भी मुश्किल था। इस दौरान श्रद्धालुओं और हाईवे से गुजर रहे लोगों को खासी परेशानी हुई। सभी को मंजिल तक पहुंचने में बाधा पहुंची।
गंगा दशहरा पर 14 जून को नेशनल हाईवे-24 को जाम से बचाने के लिए जनपद हापुड़ और अमरोहा प्रशासन ने कई कदम उठाए थे। ब्रजघाट पुल पर वैकल्पिक डिवाइडर भी बनाए गए थे। रूट डायवर्ट भी किया गया था, मगर इसके बाद भी गढ़ चौपला से ब्रजघाट पर जाम की स्थिति बनी थी। इधर, पांच दिन बाद ही पड़ने वाली ज्येष्ठ पूर्णिमा पर स्नान को प्रशासन ने हल्के में लिया।
पर्याप्त इंतजाम नहीं किए, पुल पर महज कुछ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाकर कर्तव्य की इतिश्री कर ली। सुबह आठ बजे तक जब जाम नहीं लगा तो पुलिस कर्मी सुस्त पड़ गए और इधर-उधर हो लिए। इसके बाद यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। स्नानार्थियों के निजी वाहन और प्राइवेट बसों का ब्रजघाट से ब्रजघाट कट तक जमघट लग गया। जिसके बाद हाईवे पर वाहनों की लाइन बढ़ती ही गई। सुबह दस बजे तक नेशनल हाईवे पर गजरौला के जीरो बंधा से गढ़मुक्तेश्वर के टोल प्लाजा तक करीब पांच किलोमीटर तक जाम लग गया।
11 बजे से करीब दो घंटे तक वाहनों का हिलना भी मुश्किल रहा। आला अफसरों को जानकारी मिली तब पुलिसकर्मियों का फटकार लगाई गई। इसके बाद दोनों चौकी पुलिस ने संपर्क किया। इसके बाद एक तरफ से गजरौला ब्रजघाट चौकी पुलिस ने व्यवस्था संभाली और दूसरी तरफ गढ़ ब्रजघाट चौकी पुलिस मोर्चे पर लगी, मगर तब तक देर हो चुकी थी। देर शाम छह बजे तक वाहन रेंग-रेंग कर ही चले। टोल प्लाजा से जीरो बंधा तक का पंद्रह मिनट का सफर एक घंटे में पूरा हो सका।