अमरोहा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को हुई देशव्यापी बैंक हड़ताल का असर जिले में भी देखने को मिला। जिले में संचालित 13 सरकारी बैंकों की 118 शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इससे शाखाओं में कामकाज ठप रहा और करीब 140 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ।
बैंक शाखाओं में ताले लटके रहे और कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। हड़ताल की जानकारी नहीं होने के कारण कई ग्राहक बैंक पहुंचे, लेकिन कामकाज बंद मिलने पर उन्हें वापस लौटना पड़ा। नकद जमा और निकासी, चेक क्लियरिंग समेत शाखाओं से जुड़े कई नियमित कार्य प्रभावित रहे। वहीं, यूपीआई और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं चालू रहीं, जिससे डिजिटल लेनदेन करने वाले ग्राहकों को अपेक्षाकृत राहत मिली।
बैंक कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, पीएलआई में विसंगतियां दूर करने, पेंशन अपडेशन, पर्याप्त भर्तियां करने समेत लंबित मांगों के समाधान की मांग की। स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, आईडीबीआई बैंक, केनरा बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और सेंट्रल बैंक समेत विभिन्न सरकारी बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल में शामिल रहे। एलडीएम उमेश कुमार प्रजापति ने बताया कि हड़ताल के कारण एक दिन में लगभग 140 करोड़ रुपये का बैंकिंग कारोबार प्रभावित हुआ है।
हड़ताल के कुछ घंटे बाद ही एटीएम हुए खाली
बैंकों की हड़ताल के चलते नकदी के लिए एटीएम पर निर्भर लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी। सुबह कुछ समय तक निकासी के बाद आजाद रोड स्थित जिला एसबीआई, बिजनौर रोड के पीएनबी, जोया रोड के एसबीआई और अमरोहा तिराहे के आसपास के कई एटीएम में नकदी खत्म हो गई। रुपये निकालने पहुंचे लोगों को बिना नकदी लौटना पड़ा। बैंक बंद होने के कारण ग्राहकों के पास तत्काल नकदी जुटाने के सीमित विकल्प ही बचे। इससे हड़ताल का असर बैंक शाखाओं के साथ एटीएम सेवाओं पर भी दिखाई दिया।
बेटी की गोद भराई की तैयारी में जुटे जोया निवासी रामचंद्र सिंह शुक्रवार को रुपये निकालने बैंक पहुंचे, लेकिन हड़ताल के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। रामचंद्र सिंह का खाता जोया रोड स्थित बैंक में है। शनिवार को उनकी बेटी की गोद भराई है और दूसरे शनिवार की छुट्टी के चलते शुक्रवार को ही नकदी की जरूरत थी। बैंक पहुंचने पर हड़ताल की जानकारी मिली तो उनकी चिंता बढ़ गई। नकदी नहीं निकल पाने से कार्यक्रम की तैयारियां प्रभावित होने की आशंका है।
बैंक कर्मचारियों की शुक्रवार को हुई हड़ताल के बाद अब शनिवार और रविवार को भी बैंक बंद रहेंगे। शनिवार को महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण बैंकों में अवकाश रहेगा, जबकि रविवार को साप्ताहिक छुट्टी है। ऐसे में लगातार तीन दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। नकदी और अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। हालांकि ऑनलाइन बैंकिंग और एटीएम जैसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। सोमवार को बैंक खुलने पर लंबित काम निपटाने के लिए शाखाओं में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने की संभावना है।