एक बार फिर उपभोक्ताओं ने पंजाब नेेशनल बैंक पर जबरदस्त हंगामा किया। रुपये नहीं मिलने पर गुस्साए उपभोक्ता ने प्रबंधक की हरकत देखी तो चेक फाड़कर फेंक दिया। शाम को बैंक का शटर गिरते ही उपभोक्ताओं ने नारेबाजी व प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी, जिससे बिजनौर मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थम गई। दूर तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
जाम से बचने को वाहन चालकों ने बाजारों का रुख कर दिया, जिससे प्रत्येक गली व मोहल्लों में वाहन फंसते नजर आए। पुलिस ने लोगों को समझाकर रास्ता खुलवाया, लेकिन करीब आधा घंटा तक जाम लगने के बाद घंटा भर तक ट्रैफिक धीमी गति से रेंगता रहा।
बुधवार की सुबह मोहल्ला लकड़ा स्थित पीएनबी शाखा पर उपभोक्ता जमा हो गए, जिसके बाद लाइन में लग गए और एक-एक कर पुलिस कर्मियों ने अंदर दाखिल किया। इसी बीच शहर का एक उपभोक्ता भी बैंक में गया। बाकायदा रुपये निकालने के लिए चेक में धनराशि भरी और प्रबंधक के पास हस्ताक्षर को ले गया। ज्यादा रुपये देखते हुए मैनेजर ने मना कर दिया। मिन्नत करने के बाद भी जब सुनवाई नहीं हुई तो वह बुरी तरह झल्ला गया। चेक फाड़कर वहीं फेंक दिया और गालियां देता हुआ निकल गया।
शाम करीब साढ़े चार बजे बैंक ने रुपये देने बंद कर दिया, जिस पर गुस्साकर उपभोक्ताओं ने हंगामा करते हुए बिजनौर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। प्रबंधक के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बैंक कर्मचारी अपने मिलने वालों को बुलाकर रुपए दे रहे हैं। लाइन में लगे उपभोक्ताओं के लिए उनके पास कोई पैसा नहीं है।
इसी दरम्यान पहुंचे पुलिस कर्मियों ने उपभोक्ताओं को समझाकर शांत कर दिया। करीब एक घंटे तक उपभोक्ताओं का मार्ग पर कब्जा रहा, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था धड़ाम हो गई। इसके अलावा यूनियन बैंक पर भी उपभोक्ताओं में आपाधापी मची रही। एसबीआई की सिटी ब्रांच पर भी उपभोक्ताओं ने हंगामा किया।