चालक को झपकी आने पर तेज रफ्तार टूरिस्ट बस हाईवे किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में बस चालक समेत चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जबकि अन्य सवारियों को दूसरे वाहनों में बिठाकर गंतव्य के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
यह हादसा नेशनल हाईवे स्थित चौधरपुर ओवरब्रिज पर हुआ। एसओ सुनील मलिक ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब चार बजे एक टूरिस्ट बस दिल्ली से पीलीभीत जा रही थी। जैसे ही बस चौधरपुर ओवरब्रिज के पास पहुंची तभी यहां हाईवे किनारे खड़े खराब ट्रक में घुस गई। टक्कर लगते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला।
हादसे में नेपाल के जनपद कंचनपुर के महेंद्र नगर निवासी बस चालक विक्रम सिंह और रोशन लाल, पीलीभीत के मोहल्ला रसूला फरीदा बैग रीवन निवासी सुनीति मलिक, ऊधम सिंह नगर के कुमखैइया नानकमत्ता निवासी राज सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया जहां से चारों को हायर सेेंटर के लिए रेफर दिया है।
एसओ के मुताबिक क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। वहीं अन्य सवारियों को दूसरे वाहनों के माध्यम से गंतव्य के लिए सकुशल रवाना कर दिया गया। देर शाम तक मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।