अमरोहा। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सचिन माहेश्वरी शुक्रवार को वर्चुअल रूप से नवप्रवेशित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य सभी विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर वीर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह 11 बजे से यूट्यूब के माध्यम से प्रसारित इस विश्वविद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र पर कॉलेजों के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों को शुभकामनाओं के साथ ही इस विश्वविद्यालय के निर्माण के उद्देश्य को साझा करेंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगीत का वाचन और प्रस्तुतीकरण भी किया जाएगा। विश्वविद्यालय परिक्षेत्र के सभी कॉलेजों में ऑनलाइन प्रसारण के अवसर पर कॉलेजों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
स्पॉट राउंड प्रक्रिया के तहत कल से होंगे पंजीकरण
अमरोहा। जेएसएच पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर वीर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि स्पॉट राउंड प्रक्रिया के तहत स्नातक कक्षाओं में पहले सेमेस्टर में प्रवेश के लिए कल से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो रही है। इसके लिए 150 रुपये का पंजीकरण शुल्क भी जमा करना होगा। पंजीकरण शुल्क 30 जुलाई तक जमा किया जा सकेगा। इसके बाद 31 जुलाई तक आवेदन पत्र जमा कर सीट समर्थ पोर्टल पर लॉक की जा सकेगी। संवाद