राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित जनपदीय आशा सम्मेलन में जहां आशाओं ने लघु नाटकों का मंचन कर सामाजिक कुरीतियों पर तीखा प्रहार किया, वहीं बेटियों को बचाने और पढ़ाने के लिए सबसे आगे आकर कार्य करने की अपील की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बेहतरीन प्रस्तुति देकर दर्शकों के मन को झकझोर दिया, वहीं जिलाधिकारी भी उनके कार्यों की तारीफ करते नजर आए। साथ ही उन्होंने सभी आशा से समाज को स्वस्थ बनाने के लिए लगातार प्रयास करते रहने का आह्वान किया।
जोया मार्ग स्थित शिवानी वेंकेट हॉल में हुए सम्मेलन की शुरूआत मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अफसर परवेज व जिलाधिकारी ने फीता काटकर किया। जिसके बाद आशाओं ने सरस्वती वंदना पेश की। स्वास्थ्य अफसरों ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथि जिलाधिकारी वेद प्रकाश व पालिकाध्यक्ष अफसर परवेज का बुके देकर स्वागत किया। तत्पश्चत आशाओं ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम पेश किया। किसी ने गीत गाकर बेटी बचाने की सीख दी तो किसी ने समाज में फैली बुराईयों पर प्रहार किया।
कन्या भ्रूण हत्या, जच्चा-बच्चा की घर पर देखभाल पर लघु नाटिका, स्वास्थ्य विषय पर जादू शो, लोकगीत के जरिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की सीख दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी ने इस दौरान कहा कि आशा की स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका है। उस पर गांव की सेहत का जिम्मा भी है। अब चाहें महिला की हो या फिर बच्चे की। गर्भवतियों व नवजात शिशुओं का समय से टीकाकरण कराना, गांव में फैली बीमारियों को दूर करने में सहयोग करना आदि ऐसी जिम्मेदारियां है, जिनमें उनका योगदान सराहनीय है। सभी आशाएं ईमानदारी से दायित्वों का निर्वहन करें।
नगर पालिकाध्यक्ष ने भी आशा के कार्यक्रमों की सराहना की। उनके कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की। एसीएमओ डा.रामजी वर्मा ने सभी आशाओं को मातृ एवं शिशु संबंधी विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर सीएमओ डा.एसके जैन व सीएमएस डा.पीके बंसल ने भी स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में बताया। इस अवसर पर एसीएमओ डा.एसके निगम, एसीएमओ डा.पीपी सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एके सोनी, जिला सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक मुकर्रब हुसैन, मंडलीय आशा समन्वयक अम्बरीश कुमार, भारती वर्मा, विजयपाल सिंह, देवेंद्र, अरुण, मुशर्रफ, डा.आकृति, फरहा नकवी, कादिर, अभिषेक, बृृजमोहन, गौरव, मनोज, आदर्श, विद्यावती, उमेश, गिरीश, आसमा, संजय मौजूद थे।