रेलवे ट्रैक के आसपास के लोगों ने रेलवे ट्रैक को पब्लिक टॉयलेट बना दिया है। लोग ट्रैक पर ही शौच कर देते हैं। इससे सुदृढ़ीकरण समेत अन्य कामकाज में बाधा आ रही है। इससे रेलवे के आफीसर परेशान हैं, आखिरकार तंग आकर रेलवे के सेक्शन इंजीनियर ने ग्राम प्रधान को चिट्ठी लिखकर ऐसे ग्रामीणों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। सेक्शन इंजीनियर ने एसडीएम को भी चिट्ठी लिखी है और सहयोग की मांग की है।
गजरौला-नजीबाबाद रेल खंड पर आजकल पटरियों की मरम्मत व सुदृढ़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसके लिए रेलवे के बिजनौर स्थित कार्यालय में सेक्शन इंजीनियर धर्मेश कुमार के नेतृत्व में रेलवे कर्मचारी काम कर रहे हैं। इधर, रेल खंड पर धनौरा तहसील मुख्यालय से तीन किलोमीटर दूर स्थित ग्राम मोहम्मदपुर पट्टी के आसपास बड़ी संख्या में लोग रेलवे ट्रैक पर शौच कर देते हैं।
इस वजह से रेलवे का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सेक्शन इंजीनियर की ओर से ग्राम प्रधान को पत्र लिखकर इस संबंध में मुनादी कराकर लोगों से रेलवे ट्रैक पर शौच न करने के लिए प्रेरित करने की अपील की है। साथ ही एसडीएम को पत्र लिखकर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम आजाद भगत सिंह का कहना है कि,सेक्शन इंजीनियर का पत्र प्राप्त हुआ है। कार्रवाई के लिए इसे बीडीओ धनौरा को भेज दिया गया है और ग्राम प्रधानों को भी निर्देशित किया जा रहा है कि, वे ट्रैक को साफ रखने के लिए ग्रामीणों को जागरूक करें और हिदायत दें।