तिगरी मेले में बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यूपी रोडवेज ने कमर कस ली है। पिछले साल की तुलना में बसों की संख्या में दस प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इस बार रोडवेज की 130 बसें तिगरी मेले का सफर कराएंगी। सभी बसें अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर आदि से तिगरी के लिए चलाई जाएंगी। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है।
तिगरी मेले के लिए विभाग ने किराया सूची भी जारी कर दी है। अमरोहा से वाया तिगरी का सफर 51 रुपये में तय किया जा सकेगा। जबकि वाया जोया होते हुए पहुंचने पर 65 रुपये खर्च करने होंगे। बरेली से तिगरी मेले के लिए 262 रुपये किराया तय किया गया है।
मुरादाबाद से 107 तो रामपुर से 163 रुपये किराया देना होगा। धामपुर से तिगरी के लिए 114 रुपये, नूरपुर से 84 रुपये तथा चांदपुर से 67 रुपये किराया तय किया गया है। चंदौसी से तिगरी पहुंचने के लिए 125 रुपये खर्च करने होंगे।
गंगा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर परिवहन सेवा मुहैया कराई जाएगी। 25 नवंबर से बसों का संचालन शुरू होगा। अस्थायी बस स्टैंड पर व्यवस्थाओं को दुरूस्त किया जा रहा है। विभिन्न बस स्टैंड से तिगरी धाम पहुंचने के लिए किराया सूची भी जारी कर दी गई है। -मोहम्मद शफी, एआरएम, अमरोहा डिपो