गांव कुआंखेड़ा में भूमि विवाद में बुजुर्ग की हत्या के मामले में नामजद रितिक और विवादित भूमि बेचने वाले अनीस की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई है, जो लगातार दबिश दे रही हैं। घटना की सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे शेष युवकों की शिनाख्त की जा रही है।
आठ मार्च की देर शाम कुआंखेड़ा में भूमि विवाद में अब्दुल सलाम उर्फ सुखवा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले में पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर कई लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, बलवा आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने मंगलवार को पांच नामजद युवकों को जेल भेज दिया था।
पुलिस इस घटना में मुख्य रूप से शामिल थाना रजबपुर के अंतर्गत आने वाले निकटवर्ती गांव आरिफपुर माफी निवासी रितिक व विवादित भूमि का बैनामा करने वाले अनीस की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि रितिक का आपराधिक इतिहास है। इस पर हिस्ट्रीशीटर व गैंगस्टर के मुकदमे दर्ज है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। घटना में शामिल युवकों की पहचान की जा रही है। संवाद