अमरोहा। दांत संबंधी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों के लिए राहतभरी खबर है। जिले के सरकारी अस्पतालों में लंबे समय से चली आ रही दंत चिकित्सकों की कमी अब दूर होने जा रही है। शासन ने स्वास्थ्य विभाग को तीन दंत चिकित्सक उपलब्ध कराए हैं। इनमें एक डेंटल हाइजीनिस्ट और एक डेंटिस्ट को बछरायूं के 50 बेड के संयुक्त चिकित्सालय में, जबकि एक दंत चिकित्सक को अमरोहा सीएचसी में तैनात किया जाएगा।
जिले में दांतों की सड़न, मसूड़ों से खून आना, दांतों में झनझनाहट और मवाद जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अकेले जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज दंत उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के बावजूद सीएचसी और पीएचसी स्तर पर दंत रोग विशेषज्ञों की कमी के कारण लोगों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा था। बछरायूं के 50 बेड के संयुक्त चिकित्सालय में डेंटिस्ट नहीं होने के कारण मरीजों को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ता था। इसी तरह अमरोहा सीएचसी में भी लंबे समय से दंत चिकित्सक का पद रिक्त होने से मरीजों को जिला अस्पताल भेजा जा रहा था। नई तैनाती के बाद स्थानीय स्तर पर ही दंत उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
सीएमओ डॉ. रमाकांत सागर ने बताया कि शासन से तीन दंत चिकित्सक मिले हैं। इनमें दो को बछरायूं संयुक्त चिकित्सालय और एक को अमरोहा सीएचसी में जल्द तैनात किया जाएगा। इससे दंत रोगियों को बेहतर और समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।