अमरोहा। बुखार के मरीज जनपद में दिनोंदिन बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल में 33 बुखार के रोगी भर्ती रहे। वार्ड फुल रहे, हालत यह रही कि एक बेड पर दो मरीजों को लिटाया गया था। जिला अस्पताल के साथ साथ निजी अस्पतालों में भी बुखार के मरीजों की भरमार दिखाई दे रही है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए जा रहे कैंप भी बुखार पीड़िताें को राहत नहीं दे पा रहे हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल में 15 डेंगू की जांच की गई, जिसमें 3 मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए अलग अलग कैंप में भी बुखार और डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। अमरोहा के गाजरपुर में आयोजित हुए कैंप में एक डेंगू पॉजिटिव मिला। इसके साथ ही जनपद में डेंगू मरीजों की संख्या 36 पहुंच गई है। जिला अस्पताल के हालात यह हैं कि एक बेड पर दो मरीजों को शिफ्ट करना पड़ रहा है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में बुखार के 33 रोगी भर्ती रहे। इसके अलावा ऐसे बुखार रोगियों की संख्या भी बड़ी तादाद में रही जोकि ओपीडी में दवा लेकर अपने घरों को लौट गए।