अमरोहा। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में हुए ऋण फर्जीवाड़े में तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। शाखा प्रबंधक ने दर्ज कराई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बैंक प्रबंधक भूपेंद्र सिंह की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट के मुताबिक कांकरखेड़ा गांव निवासी भगवंत सिंह ने अपने नाम का आधार, पैन कार्ड व खतौनी बैंक में दी और ऋण के लिए आवेदन किया। इस लोन में हादीपुर गांव का रहने वाला साबिर शाह जमानती था। उसने भी अपना आधार, पैन कार्ड जमा किया था जिसके आधार पर बैंक से 16 दिसंबर 2024 को पांच लाख रुपये का ऋण ले लिया लेकिन बाद में पृथ्वीपुर कलां के रहने वाले भगवत सिंह ने बैंक को जानकारी दी कि उनके पिता ने कभी बैंक से अपनी कृषि भूमि पर ऋण नहीं लिया है।
मामले की बैंक ने जांच कराई और कांकरखेड़ा गांव जाकर पूछताछ की तो बैंक कर्मचारियों के होश उड़ गए। सामने आया कि भगवंत नाम का कोई व्यक्ति कांकरखेड़ा गांव में नहीं रहता है। यह भी पता चला कि किसी व्यक्ति ने भगवंत सिंह बनकर फर्जी दस्तावेज तैयार करके बैंक से धोखाधड़ी आर्थिक लाभ लिया है। जांच में सामने आया कि फर्जी भगवंत सिंह के नाम से नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के बहादुरपुर खुर्द निवासी रजा हुसैन के आधार कार्ड, पैन कार्ड लगाकर तीन दिसंबर 2024 को आठ लाख रुपये का ऋण लिया गया है। रजा हुसैन ने भगवंत सिंह की जमानत ली थी। इतना ही नहीं बैंक में मौजूद फर्जी दस्तावेजों पर आरोपियों की फोटो लगे हैं। बैंक प्रबंधक ने कांकरखेड़ा के रहने वाले भगवंत सिंह बहादुरपुर खुर्द के रहने वाले रजा हुसैन और हादीपुर गांव के रहने वाले साबिर शाह पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।
-
बैंक शाखा प्रबंधक की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - शक्ति सिंह, सीओ सिटी