हसीन जहां को धमकी से संबंधित खबर।
- फोटो : JPNAGAR
अन्य केंद्रों के ध्यानार्थ..........
राममंदिर की बधाई पर हत्या की धमकी
मिलने पर हसीन ने दर्ज कराई शिकायत
- पांच अगस्त को इंस्टाग्राम पर राम मंदिर की दी थी बधाई, इंस्टाग्राम पर यूजरों ने दी थी जान से मारने की धमकी
- कोलकाता के लाल बाजार साइबर क्राइम, सीपी आफिस में दर्ज कराई शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा। सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट से चर्चाओं में रहने वाली क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने हत्या की धमकी मिलने पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने रविवार को कोलकाता के लाल बाजार क्राइम साइबर और कमिश्नर आफ पुलिस आफिस में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने शिकायती पत्र के साथ इंस्टाग्राम और फेसबुक पर कमेंट में मिली धमकी की स्क्रीन शार्ट भी लगाई है।
पांच अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन हुआ था। जिसे लेकर क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने अपने इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट पर देश को श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन की बधाई दी थी। साथ ही प्रधानमंत्री के नेतृत्व को सराहा था। कई प्रशंसकों ने जहां उनके सौहार्द की प्रशंसा की, वहीं कुछ लोगों ने आलोचना की। कुछ ने आपत्तिजनक टिप्पणी की। यहीं नहीं कट्टरपंथियों ने हत्या करने की धमकी दे डाली। इस मामले में हसीन जहां ने प्रधानमंत्री, यूपी के सीएम और पश्चिम बंगाल की सीएम को ट्वीट किया। रविवार को हसीन जहां कोलकाता के लाल बाजार साइबर क्राइम पहुंची। जहां उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कमेंट और धमकी की स्क्रीन शॉट भी सौंपे। इसके बाद हसीन जहां ने कमिश्नर आफ पुलिस के आफिस में भी अपनी शिकायत दर्ज कराई। हसीन जहां ने कहा कि कमेंट और धमकी देने वाले आपसी सौहार्द को बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। देश की एकता के लिए ऐसे लोग खतरनाक है। इनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।