गजरौला में रविवार को बस्ती रोड पर बंद पड़ी दुकानें।
- फोटो : GAJRAULA
अमरोहा। कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर काबू पाने के लिए जिले में लागू लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया गया। लॉकडाउन के चलते रविवार को पुलिस सड़कों पर मुस्तैद दिखी और सड़कों पर सन्नाटा रहा। बाजारों में आवश्यक सेवाओं की दुकानें खुली रहीं। लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए पुलिस टीम मुस्तैद रही। डीएम और एसपी ने भ्रमण कर सुरक्षा-व्यवस्था देखी।
जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जिले में लगभग हर रोज बीस से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। कोरोना के मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। ऐसे में कोरोना के संक्रमण को रोकना बड़ी चुनौती है। इससे निपटने को प्रदेश सरकार ने सप्ताह में शनिवार और रविवार को लॉकडाउन घोषित किया है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं और औद्योगिक इकाइयों के अलावा सभी मार्केट और प्रतिष्ठान बंद रहने के निर्देश हैं। ऐसे में लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस और प्रशासन सख्त है। रविवार को पुलिस सुबह से ही सड़कों पर मुस्तैद हो गई। लॉकडाउन के बारे में लोग को जागरूक कर घर से बाहर न निकलने की अपील की गई। डीएम उमेश मिश्रा और एसपी डॉ विपिन ताडा ने जिले भर का भ्रमण कर सुरक्षा-व्यवस्था परखी। साथ ही अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इंस्पेक्टर रविंद्र मलिक पुलिस बल के साथ गश्त करते रहे। जबकि गली-मोहल्लों में घूमते मिले लोगों को डांट-फटकार कर घर में भेजा गया। वहीं लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक किया गया।