मंडी धनौरा। क्षेत्र पंचायत प्रमुख आशा चंद्रा ने चेतावनी दी है कि ग्रामीण क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वह क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में विचार व्यक्त कर रही थी। उन्होंने ग्राम प्रधानों व बीडीसी सदस्यों से अपील की कि वे गांवों के विकास के लिए प्रतिबद्घ रहें। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख ने सभागार का लोकार्पण भी किया। पांच लाख रुपये की लागत से सभागार का सौंदर्यीकरण कराया गया था।
शुक्रवार की दोपहर बाद बीडीसी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने अपने गांवों में विकास कार्य कराए जाने की मांग की। इसको लेकर लगभग दो करोड़ की की अनुमानित लागत के प्रस्ताव सौंपे गए। ग्राम प्रधानों ने निर्माण सामग्री के सरकारी दाम काफी कम होने का हवाला देते हुए उनको बाजार रेट पर किए जाने की मांग की थी। उनका कहना था कि सरकार को व्यवहारिक रवैया अपनाना चाहिए। ब्लाक में बनाए जाने वाले छह अमृत तालाब पर चर्चा की गई। ब्लाक प्रमुख आशा चंद्रा ने ग्रामीण जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता ना करें। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी रोहताश कुमार ने शासन की मंशानुरूप कार्य किए जाने की अपील की। इस मौके पर गौरव गंधर्व, विकास शर्मा, आकाश पाल, राजवीर सिंह आदि मौजूद थे।