बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिलेभर में सरकारी और निजी अस्पतालों में बुखार पीड़ितों की कतार लगी हुई है। अब बुखार ने मंडी धनौरा के एक और युवक की जान ले ली। इसे मिलाकर अब तक कस्बे में बुखार से पांच की मौत हो चुकी है।
वहीं हसनपुर के गंगवार में एक मासूम की बुखार से मौत हो गई, जबकि यहां दर्जनों लोग बुखार से बेहाल हैं। वहीं नौगावां सादात विधायक अशफाक अली खां को चिकनगुनिया हो गया, लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज के बाद फिलहाल उनकी हालत में सुधार है।
मंडी धनौरा के मोहल्ला पेशथाना निवासी फहीम (25) पुत्र लईक अहमद को चार दिन से बुखार आ रहा था। परिजन उसका उपचार कस्बे के ही एक चिकित्सक से करा रहे थे। मंगलवार के दिन बुखार से शरीर का तापमान बढ़ गया। परिजन उसे चिकित्सक के यहां ले गए।
चिकित्सक ने उसको बचाने का प्रयास किया लेकिन उसकी मौत हो गई। संयुक्त चिकित्सालय के डाक्टर आदेेश कुमार का कहना है कि बुखार आने पर रोगी को डिग्रीधारक चिकित्सक से ही उपचार कराना चाहिए और इसे कतई हलके में न लें। दूूसरी ओर बुखार के बाद रोगियों में जोड़ों में दर्द की शिकायत है। हजारों रोगी हाथ व पांव में दर्द से परेशान हैं। लोग आयुर्वेद की वेदांतक बटी समेत गिलोय आदि का प्रयोग कर रहे हैं।
गंगवार और ढबारसी में भी बुखार बेकाबू
हसनपुर/ढबारसी। गांव गंगवार निवासी महमूद अली की चार वर्षीय बेटी गुड़िया को चार पांच दिनों से बुखार आ रहा था। हसनपुर के निजी डाक्टर से उपचार कराया गया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। लगातार उपचार कराने पर भी बुखार ने जाने का नाम नहीं लिया।
बताया जाता है कि सोमवार देर शाम को गुड़िया की मौत हो गई। मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। वहीं बुखार से पीड़ित लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं ढबारसी निवासी रामौतार के चार वर्षीय बेटे छोटू की बुखार से गजरौला में उपचार के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। इस चार दिन से बुखार आ रहा था।
फिलहाल हालत में सुधार
अमरोहा। नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के विधायक अशफाक अली खां चिकनगुनिया की चपेट में आ गए हैं। कई दिन लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद घर लौटे विधायक अभी हाथ पांव में दर्द और पैरों में सूजन बता रहे हैं। हालांकि अब उनकी हालत में सुधार है। इधर, रज्जाकपुर कार्यालय पर कार्यकर्ताओं संग बैठक में विकास रथ यात्रा में शामिल होने की अपील की। बताया कि, यहीं से कार्यकर्ता वाहनों से दो नवंबर को लखनऊ रवाना होंगे।