अमरोहा। हाईवे पर कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रविवार दोपहर दो बजे के बाद हाईवे को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर भी रोडवेज बस-कार व अन्य छोटे वाहनों के चलने पर पाबंदी लगा दी जाएगी। रोडवेज बसों को भी वैकल्पिक मार्गाें से निकाला जाएगा। फिलहाल ट्रक, कंटेनर, डीसीएम व निजी बसें बदले मार्गाें से चल रही हैं।
सावन माह के अंतिम सोमवार के नजदीक आते ही ब्रजघाट से कांवड़ियों के लौटने का सिलसिला भी तेज हो गया है। शनिवार को कांवड़िये कांवड़ में गंगा जल भरकर अपनी मंजिल की तरफ लौटते दिखाई दिए। केसरिया रंग में रंगे हाईवे पर बम-बम भोले के जयकारों की गूंज रही। वहीं कांवड़ियों की सुरक्षा में पुलिस भी जुटी रही। कांवड़िये बृजघाट से कांवड़ में गंगा जल भरकर अपनी मंजिल की ओर बढ़ना शुरू हो गए है।
शनिवार को दिनभर हाईवे पर भी कांवड़ियों के जत्थे अपनी मंजिल की ओर बढ़ते दिखे। बृजघाट गंगा से रामपुर, संभल, मुरादाबाद समेत अन्य कई स्थानों के कावंड़ियों ने कांवड़ में गंगा जल भरकर लौटना शुरू कर दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया ने बताया कि कल आने वाला सोमवार सावन के महीने का आखिरी सोमवार है। रविवार की शाम तक कांवड़ियों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। इसलिए मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर भी कार व अन्य छोटे वाहनों के चलने पर पाबंदी लगा दी जाएगी। इसके बाद हाईवे की दोनों लेन कांवड़ियों के हवाले रहेंगी। किसी भी तरह के वाहनों को हाईवे पर नहीं आने दिया जाएगा। मनमानी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।