नौगावां सादात। कोतवाली क्षेत्र के गांव नौगावां तगा में चोरों ने मजदूर के घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना पांच अक्तूबर की सुबह हुई। मजदूर चंडीगढ़ में रहकर परिवार का पालन-पोषण करता है।
पीड़ित शमशाद अहमद के अनुसार चोर घर के पश्चिमी गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे। घर में रखे करीब 14 तोला सोने के जेवर, एक किलो चांदी के आभूषण, दो लाख रुपये नकद और कीमती बिना सिले कपड़े चोरी कर लिए। सोमवार की सुबह करीब आठ बजे भतीजे असलम ने घर के ताले टूटे होने की जानकारी दी। सूचना पर शमशाद चंडीगढ़ से घर पहुंचा और सामान जांचा तो चोरी का पता चला। पीड़ित ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना कैद होने की बात कहते हुए पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। सीओ अवध भान भदौरिया ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्दी ही खुलासा किया जाएगा।