मंडी धनौरा। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए बिजली निगम के अवर अभियंता सर्वेश यादव के नेतृत्व में विजिलेंस टीम व बिजलीकर्मियों ने ग्राम कमेलपुर, शाहपुरा रझेड़ा व कलाली में सघन चेकिंग एवं छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिजली कनेक्शनों की जांच में कुल 24 किलोवाट की चोरी पकड़ी गई। बिजली चोरी के मामलों में संलिप्त पाए गए 12 लोगों के खिलाफ बिजली अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। टीम ने चोरी की वीडियो भी मौके पर बनाई है।
अवर अभियंता सर्वेश यादव ने बताया कि बिजली चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के चलते विजिलेंस की टीम के साथ तीन गांवों में चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान 12 लोग बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए। उनके केबल जब्त कर लिए गए हैं। उन सभी के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उनका कहना था कि चोरी के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्र के उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली का उपयोग केवल वैध कनेक्शन के माध्यम से करें।