कोतवाली क्षेत्र के गांव में बैंक मित्र के घर के ताले तोड़कर चोरों ने नगदी आभूषण समेत करीब दो लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। जानकारी मिलने पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखुपुर झकड़ी निवासी विजय कुमार नगर के मोहल्ला होली वाला में यूपी ग्रामीण प्रथमा बैंक की शाखा में बैंक मित्र के पद पर कार्यरत हैं। गुरुवार की देर शाम को परिवार के लोग घर पर ताला लगाकर पास के गांव नूरपुर खुर्द में रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 9:30 बजे परिवार के लोग वापस आए तो घर के ताले टूटे देख होश उड़ गए।
विजय कुमार ने बताया कि घर में रखी 39 हजार रुपए की नकदी, सोने की अंगूठी, झुमकी, 6 जोड़ी पाजेब, टीका, एक फिंगर डिवाइस और एकमोबाइल फोन चोरी कर लिया गया। उन्होंने बताया कि घर का मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। पहले चोर दीवार फांद कर घर में घुसा। बाद में दरवाजे के दूसरे गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसा। उन्होंने मोहल्ले के ही किसी व्यक्ति पर चोरी की आशंका जताई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके चौहान का कहना है कि चोरी का मामला जानकारी में नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो जांच पड़ताल कराई जाएगी।