हसनपुर(अमरोहा)। क्षेत्र के गांव सिरसा गुर्जर में हुई किसान की हत्या जमीन के लालच में छोटे भाई ने ही गला दबाकर की थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चालान किया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसा गुर्जर निवासी 60 वर्षीय किसान कन्हैया उर्फ कालिया का शव 17 जून की सुबह उसके ही घर में आंगन में चारपाई पर पड़ा मिला था। उनकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी। कोई संतान भी नहीं थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था, जिसमें गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी। छोटे भाई सल्लू की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मृतक के नाम करीब 20 बीघा जमीन थी। इसमें से कुछ जमीन हाईवे में चली गई थी। मृतक उस जमीन को अपनी भाभी के बच्चों को देना चाहता था, जिनके पति की मौत हो चुकी है। जबकि छोटा भाई सल्लू उस जमीन को लेना चाहता था। इसी के कारण दोनों में मनमुटाव हो गया था। पुलिस के मुताबिक सल्लू ने पुलिस पूछताछ में भाई की गला दबाकर हत्या करने की वारदात को स्वीकार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।