आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव कोकापुर में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस से बताया कि पत्नी शराब पीने से मना करती थी, इसलिए मारपीट की गई और उसकी मौत हो गई।
रहरा थाना क्षेत्र के गांव जामनो वाली मढैया निवासी चालीस वर्षीय ऊषा की शादी वर्ष 2004 में आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव कोकापुर की मढैया निवासी बुद्घसेन के साथ हुई थी। शादी के बाद ऊषा ने दो बेटों को भी जन्म दिया। चौदह वर्षीय सतेंद्र एवं बारह वर्षीय सचिन बहन के बेटे हैं। करीब छह साल पूर्व ऊषा पर फालिश की बीमारी हो गई थी। लंबे समय तक इलाज कराने के बाद वह पूरी तरह से ठीक हो गई थी। भाई प्रमोद का आरोप है कि दो माह पूर्व बहनोई ने बहन को बुरी तरह से मारा पीटा था। लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया था। जिसमें बहन के पैर में गहरी चोट लगी थी। जिसकी वजह से उसे चलने फिरने में भी परेशानी होती थी। सोमवार की रात को बहनोई ने पीट-पीटकर कर बहन की हत्या कर दी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी पीट-पीटकर मौत होने की बात सामने आई। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी थे। पुलिस ने मामले में बुद्घसेन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। थानाध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले में आरोपी बुद्घसेन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बताया कि पत्नी शराब पीने से मना करती थी। इसलिए पीट-पीटकर मार डाला। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।