नौगावां सादात(अमरोहा)। हिस्ट्रीशीटर इदरीस की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई है। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने उसकी पत्नी नगमा और उसके प्रेमी सलमान के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार सलमान की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बृहस्पतिवार सुबह कुमखिया गांव के पास मुरादाबाद रोड स्थित आम के बाग में इदरीस का खून से लथपथ शव मिला था। हत्यारों ने तीन जगह से गला रेतने के साथ शरीर और चेहरे पर धारदार हथियार से कई वार किए थे। जेब में मिले मोबाइल फोन से उसकी पहचान डिलारी थाना क्षेत्र के गांव मासूमपुर निवासी इदरीस के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार वह डिलारी थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी समेत करीब 15 मामले दर्ज थे। वह 13 जुलाई को ट्रैक्टर चोरी के मामले में बिजनौर जेल से जमानत पर छूटकर आया था।
मृतक की मां रहीसन का आरोप है कि इदरीस की पत्नी नगमा के गांव के ही सलमान से अवैध संबंध थे। जेल से लौटने के बाद इदरीस को इसकी जानकारी हुई तो उसने पत्नी की पिटाई कर दी। आरोप है कि इसी के बाद नगमा और सलमान ने उसकी हत्या की साजिश रची और वारदात के बाद शव आम के बाग में फेंक दिया।
सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। नगमा से पूछताछ की जा रही है, जबकि सलमान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंधों की बात सामने आई है। जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
-