डिडौली। तीन दिन पहले घर में ही फंदे पर लटक कर जान देने वाली कक्षा दस की छात्रा की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। गांव के ही रहने वाले दो बच्चों के पिता के उत्पीड़न से परेशान होकर छात्रा ने आत्महत्या की थी। मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटी व एक बेटा है। बीते बृहस्पतिवार को परिवार के लोग गेहूं काटने खेत पर गए थे। घर पर किसान की कक्षा दस में पढ़ने वाली बेटी और उनकी बुजुर्ग मां थी। इस बीच छात्रा ने घर में टिनशेड की छत के कुंडे में रस्सी के सहारे फंदे पर लटककर जान दे दी। कुछ देर बाद दादी टिनशेड की ओर पहुंची तो उन्होंने छात्रा फंदे पर लटकी देखा। उनके शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए थे। परिजनों गांव का ही रहने वाला दो बच्चों के पिता महेश पर छात्रा को परेशान करने का आरोप लगाया था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनोंं ने अंतिम संस्कार कर दिया था। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में मृतक छात्रा के पिता की तहरीर पर गांव के ही रहने वाले महेश के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।आरोपी महेश छात्रा को फोन पर परेशान कर रहा था। परिजनों को छात्रा के बैग से दो फोन मिले हैं।
66% अंक से पास हुई
गांव के ही रहने वाले दो बच्चों के पिता के उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या करने वाली दसवीं की छात्रा 66% अंक से पास हुई है। शुक्रवार को उसका रिजल्ट आया था। जिस बेटी ने तीन दिन पहले आत्महत्या कर ली, उसके पास होने की जानकारी मिलने पर परिजन बदहवास हो गए।