साप्ताहिक बाजार के दिन ओवरब्रिज के नीचे सामान लेकर पहुंचे दुकानदारों और सब्जी वालों को पुलिस ने खदेड़ दिया। हिदायत दी कि दोबारा सामान लेकर आए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गजरौला में बुधवार को साप्ताहिक बाजार लगता था। इसी दिन कुछ दुकानदार और सब्जी वाले रेलवे लाइन के ओवरब्रिज के नीचे अपना सामान लाकर बेचते थे, लेकिन कोरोना के कारण बीते महीने से बाजार नहीं लग रहा है। इसके बावजूद बुधवार को कुछ दुकानदार और सब्जी वाले अपना सामान लेकर पहुंच गए। सामान बेचने की तैयारी कर ही रहे थे, इसी बीच पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने उनको खदेड़ दिया। हिदायत दी जब तक बाजार लगने की अनुमति न हो जाए, तब तक यहां सामान बेचने न लाएं। अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि कुछ दुकानदार अपना सामान लेकर पहुंचे थे। जिनको हिदायत देकर वापस भेज दिया गया।