हसनपुर। गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण से गांव चक गुलाम अंबिया में 100 साल पुराना रास्ता बंद होने से परेशानी झेल रहे ग्रामीणों की जल्द ही समस्या दूर होने वाली है। जिम्मेदार अफसरों के मुताबिक पास से गुजर रही नहर पर पुल बनाकर सर्विस रोड के सहारे ग्रामीणों को कटे हुए रास्तों से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।
चक गुलाम अंबिया ग्राम पंचायत बिजनौरा का मजरा है। हसनपुर तहसील से निकल रहे प्रयागराज को मेरठ से जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेसवे के कारण करीब 100 पुराना गांव रास्ता बंद हो गया था। 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का 23.6 किलोमीटर का हिस्सा अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र से होकर गुजर रहा है। उधर, रास्ता बंद होने से ग्रामीण परेशान हो रहे थे और पिछले दो सालों से ग्रामीण लगातार यहां पर एक अंडरपास बनवाने की मांग कर रहे हैं।
यह रास्ता बंद होने से गांव के लोगों को अब दूसरे गांव या खेतों पर जाने के लिए एक लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। इससे उनका समय और ऊर्जा दोनों बर्बाद हो रही है। खासकर बच्चों को स्कूल जाने और बुजुर्गों को अस्पताल जाने में बहुत दिक्कत हो रही है। इस समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं। डीएम और गंगा एक्सप्रेसवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना था और समाधान का आश्वासन दिया था।
ग्रामीण बोले- उम्मीद है कि प्रशासन अपने वादे को पूरा करेगा
ग्राम प्रधान हेमराज सिंह गुर्जर ने बताया कि हाल ही में ग्रामीणों को एक बार फिर से उम्मीद की किरण जगी है। उन्होंने कहा कि अफसरों के मुताबिक नहर पर पुल बनाकर सर्विस रोड के सहारे ग्रामीणों को कटे हुए रास्तों से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। जिससे बन जाने से ग्रामीणों को राहत मिलेगी और उनका आवागमन सुचारू हो सकेगा। गांव के लोगों का कहना है कि गंगा एक्सप्रेसवे के अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि जल्द ही यहां समस्या का समाधान कराया जाएगा। जसराम सिंह, धर्मेंद्र गिरी, नीतू गिरी, देवेंद्र सिंह, वीर सिंह, सुखवीर, महिपाल सिंह आदि ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन इस बार अपने वादे को पूरा करेगा। यह न केवल ग्रामीणों की परेशानी को दूर करेगा, बल्कि विकास परियोजनाओं और स्थानीय लोगों की जरूरतों के बीच एक बेहतर संतुलन भी स्थापित करेगा।
चक गुलाम अंबिया में जहां ग्रामीण अंडरपास बनाने की मांग कर रहे थे, वहां अंडरपास तो नहीं बन सकता लेकिन ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराया जाएगा। रास्ते से 50 मीटर दूरी से गुजर रही नहर के ऊपर से रास्ता बनाकर ग्रामीणों को कटे हुए रास्ते से जोड़ा जाएगा। जल्द ही इस प्रकार काम शुरू होने की उम्मीद है। अशोक मोगा, एक्सईएन, गंगा एक्सप्रेस-वे निर्माण।