फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: पाइपलाइन बिछाकर सड़क टूटी छोड़ गए जिम्मेदार

Sat, 21 Jun 2025 02:08 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। जिले में जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल का कार्य किया जा रहा है, लेकिन यह काम जिलेभर में अधूरा पड़ा है। जनपद के 500 से अधिक गांव में पाइपलाइन बिछाने के बाद जिम्मेदारों ने टूटी सड़कों को ठीक नहीं कराया। इसके कारण गांव-गांव परेशानी बनी हुई है।
विज्ञापन

टूटी सड़कों के कारण सड़क दुर्घटना भी होती हैं। जिम्मेदारों की मनमानी के कारण प्रधानमंत्री की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी योजना अधर में लटकी हुई है। इस मामले में अमरोहा पालिका अध्यक्ष शशि जैन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए योजना को पूरा कराने और टूटी सड़कों को ठीक करने की मांग की है।
ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर जल योजना के तहत पानी टंकी का निर्माण किया जा रहा है। कार्यदायी संस्थाओं की ओर से गांवों में मार्गों की खोदाई कराकर पाइपलाइन बिछाई जाती है। ऐसे में कार्यदायी संस्थाओं की ओर से मार्गों को खोदवा तो दिया हैं, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे मार्गों पर गड्ढे बन गए हैं, जिससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही हैं।
विज्ञापन

वहीं, जनपद में जल जीवन मिशन की मुहिम परवान चढ़ती नजर नहीं आ रही है। ग्रामीणों को पानी तो मिला नहीं, ऊपर से पाइप डालने के लिए खोदी गईं सड़कों भी ऐसे ही छोड़ दिया गया। कई गांवों में ओवरहेड टैंक बनाने का काम पूरा ही नहीं हो सका है तो कई गांवों में पाइपलाइन ही नहीं बिछाई जा सकी है। पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गईं सड़कों की मरम्मत न होना भी ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना है। अमरोहा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड व गांव दुर्गुपुर, रामपुर घना, गुलड़िया, पंजू सराय, अकबरपुर पट्टी, पचोकरा, पंड़की के हाल बेहद खराब हैं। इसके अलावा नन्हेड़ा अल्यारपुर, मानकजुड़ी, बहलोलपुर, मोहद्दीनपुर, इकौना आदि गांवों में सड़कें टूटी पड़ी हैं।

जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना के तहत लोगों को शुद्ध जल उपलब्ध कराए जाने की कवायद सरकार द्वारा शुरू की गई थी। इसके तहत गांवों में ओवरहेड टैंक के साथ ही पाइप लाइन बिछाकर घरों में कनेक्शन दिए जाने थे, जिसके बाद पाइपलाइन के माध्यम से घरों में पानी के कनेक्शन दिए जाने थे। लेकिन, उदासीनता के चलते यह योजना अपने अंतिम रूप तक नहीं पहुंच पा रही है। यही कारण है कि जिले में अधिकांश गांवों में इसका निर्माण पूरा नहीं हो सका है। गांवों में तोड़ी गईं सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई है। - शशि जैन, अध्यक्ष, नगर पालिका अमरोहा

जल जीवन मिशन योजना की लगातार समीक्षा की जाती है। सभी कार्यदायी संस्थाओं को समय पर कार्य पूरा करने के साथ ही तोड़ी गई सड़कों को भी ठीक करने के निर्देश भी दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी। - अश्वनी कुमार मिश्रा, सीडीओ

बहलोलपुर में तोड़ कर छोड़ी सड़क
गजरौला। ब्लॉक क्षेत्र के गांव बहलोलपुर में जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाई गई। इसके लिए सीसी रोड तोड़ी गई। हैरत की बात यह है कि पाइप लाइन बिछाने के बाद किसी घर में पानी नहीं पहुंचा। सड़क तोड़कर छोड़ दी गई। जिसकी मरम्मत नहीं की गई। जल के लिए तोड़ी सड़क का खामियाजा ग्रामीण भुगत रहे हैं। संवाद

ढबारसी में सालभर से नहीं हुई सड़कों की मरम्मत

ढबारसी। हर घर जल योजना के तहत ग्राम पंचायत ढबारसी में पाइपलाइन बिछाने के लिए वर्ष 2023 में सड़कों को तोड़कर पाइनपलाइन बिछाए गए थे, लेकिन उसके बाद आजतक सड़कों की मरम्मत नहीं कराई जा सकी। ठेकेदार की मानमानी का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संवाद


ओगपुरा और शीतला सराय में बनी परेशानी

आदमपुर। गंगेश्वरी ब्लॉक के गांव ओगपुरा व शीतला सराय में भी हर घर जल योजना के तहत घर-घर पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन सड़कों को तोड़ने के बाद जिम्मेदारों ने उसकी मरम्मत करने की जहमत नहीं उठाई। जिससे लंबे समय से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


पानी भरने से होती है ज्यादा दिक्कत
हसनपुर। ब्लॉक हसनपुर के कई गांवों में हर घर जल योजना के तहत कई गांवाें में सड़कों को तोड़कर पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन इसके बाद सड़कों को सही नहीं किया गया। बरसात के दिनों में सड़क के बीच में पानी भरने से आवागमन में परेशानी होती है। कई बार शिकायत के बावजूद भी इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें