अमरोहा में बारिश के बाद सड़क पर भरे पानी के बीच से गुजरते लोग। संवाद
अमरोहा। सोमवार की दोपहर अचानक मौसम ने करवट बदल ली। काले बादलों से दिन में अंधेरा पसर गया। इसके बाद करीब पौन घंटे की बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। बारिश की वजह से करीब पांच घंटे बिजली गुल रही। उधर, खेतों में पानी भरने से कटी पड़ी धान की फसल भीग गई।
अक्तूबर के महीने की शुरुआत में गर्मी का एहसास हो रहा था। अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री तक चल रहा था। लेकिन सोमवार की सुबह से आसमान में कभी बादल छा रहे थे तो कभी धूप खिल रही थी। खुशनुमा मौसम बना रहने से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की, लेकिन तीन बजे के बाद अचानक काले घने बादल उमड़घुमड़ कर आए। शहर की सड़कों पर दिन में अंधेरा पसर गया। रुक रुक कर झमाझम बारिश होने लगी।
शहर में कई जगह हल्की बूंदाबांदी हुई तो कई जगह झमाझम बारिश हुई। बारिश और बीच बीच में बूंदाबांदी से शहर का मुख्य बाजार, कोट, आजाद रोड, बिजनौर रोड, कैलसा बाईपास, जामा मस्जिद, सहित निचले इलाकों में पानी सड़कों पर भर गया। सड़कें तालाब और नदी जैसी बनी नजर आईं। बाजार बटवाल की सड़क कुछ मिनट में तालाब जैसे नजर आने लगी। बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया। भरी गर्मी से लोगों ने राहत महसूस की। रातभर बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा। उधर, बारिश के चलते थोड़ी-थोड़ी देर में बिजली आती-जाती रही। जिला कृषि अधिकारी बबलू सिंह ने बताया कि बारिश के कारण धान की कटी हुई फसल भीग गई है। लेकिन, कोई नुकसान नहीं होगा, क्योंकि फसल पूरी पक गई है।