जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मोनिका ने बुधवार को विकास खंड अमरोहा में संचालित परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। तीन विद्यालयों में छात्रों के नामांकन की संख्या कम मिली। बीएसए ने सभी को नामांकन बढ़ाने को कहा।
पहले बीएसए ने संविलियन विद्यालय जीरखी में पहुंचीं, जहां सभी अध्यापक, अध्यापिकाएं व शिक्षामित्र कार्यरत मिलें। हालांकि, स्कूल में छात्रों के नामांकन कम मिले। स्कूल चलो अभियान के तहत स्टाफ द्वारा रैली नहीं निकाली गई। नामांकन बढ़ाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है, न ही गांव में जाकर अभिभावकों से संपर्क किया जा रहा है। विद्यालय में नामांकन बढ़ाने एवं आश्रम पद्धति की फोटो दीवार पर पेंट कराने को कहा।
इसके बाद वह कंपोजिट विद्यालय पीपली घोसी में पहुंचीं, यहां भी नामांकन संख्या कम मिली। कक्षा कक्षों का संचालन समय सारणी के अनुसार नहीं किया जा रहा था। विद्यालय में नामांकन बढ़ाने को कहा। इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय भेड़ा भरतपुर का निरीक्षण किया। इस विद्यालय में भी नामांकन कम मिले। अतिरिक्त कक्षा कक्ष बंद पाया गया। उन्होंने बीईओ को तीनों विद्यालयों का भ्रमण कर प्रगति आख्या पेश करने के निर्देश दिए।