फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: जिलेभर में नहीं थम रहा ड्रोन की उड़ान का शोर

Mon, 21 Jul 2025 02:14 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। जनपद में ड्रोन की अफवाहों से लोग ही नहीं पुलिस भी परेशान है। रोजाना रात में अफवाहें उड़ रहीं हैं। 12 से 18 जुलाई तक पुलिस को 202 कॉल प्राप्त हुईं। हालांकि, इनमें एक भी ड्रोन दिखने का मामला सामने नहीं आया है। पुलिस के तमाम प्रयास के बाद भी अफवाहें बंद होने का नाम नहीं ले रही हैं।
विज्ञापन

अफवाहों पर विराम लगाने के लिए एसपी अमित कुमार आनंद वीडियो अपलोड कर लोगों से अपील कर चुके हैं कि चोरों द्वारा ड्रोन उड़ाने की खबर केवल अफवाह है। झूठी अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी जा चुकी हैं। पुलिसकर्मी जहां गांव-गांव घूमकर लोगों को समझा रहे हैं कि यह महज एक अफवाह है। वहीं, सीओ और थाना प्रभारी गांवों में चौपाल लगाकर शांति बनाए रखने के साथ ही कानून हाथ में नहीं लेने की अपील कर रहे हैं।
हालांकि, पुलिस को अभी तक जिले में कहीं भी ड्रोन उड़ता हुआ नहीं दिखा है। शुक्रवार रात में भी जिले के अलग-अलग गांवों से मिलीं ड्रोन उड़ते देखे जाने की सूचनाओं ने जिम्मेदार पुलिस अफसरों की नींद उड़ाए रखीं। डॉयल 112 के कंट्रोल रूम से लोकेशन मिलते ही पुलिस टीमें गांवों में पहुंचती रहीं लेकिन कहीं भी ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई नहीं दिया।
विज्ञापन

जिले में बीते दस दिन में चोरी की आशंका, ड्रोन उड़ने की अफवाहें और संदिग्ध व्यक्तियों के पकड़कर पीटने की घटनाएं तेजी से सामने आई हैं। पुलिस की जांच में स्पष्ट हुआ है कि यह घटनाएं महज अफवाहें थीं और जिन लोगों को पकड़ा गया वह चोर नहीं पाए गए। सिर्फ कुछ शरारती तत्वों द्वारा जानबूझकर लोगों को परेशान करने व भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने तथा अफवाह फैलाने के उद्देश्य से ड्रोन उड़ाकर एवं ड्रोन के फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया गया है। रजबपुर क्षेत्र में फोटो स्टूडियो चलाने वाले तीन युवकों द्वारा ड्रोन के माध्यम से रील बनाने व थाना डिडौली व सैदगनली क्षेत्र में बच्चों द्वारा रिमोर्ट कंट्रोल वाला खिलौनानुमा ड्रोन हेलीकॉप्टर उड़ाए जाने की पुष्टि हुई थी।
- जिले में अभी तक एक ड्रोन उड़ाने का मामले प्रकाश में नहीं आया है। यह केवल एक अफवाह है। अफवाहों पर ध्यान न दें। फिर भी मामलों की जांच की जा रही है। रात्रि गश्त को प्रभावी बनाया जा रहा है। - अमित कुमार आनंद, एसपी
फिर से एक्टिव होंगे व्हाट्सएप ग्रुप
पुलिस अफसरों ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक अपनी पकड़ को मजबूत बनाने के इरादे से भी काम करना शुरू कर दिया है। इसके लिए अब ग्राम व मोहल्ला स्तर पर गठित समिति से संबंधित व्हाट्सएप ग्रुप को दोबारा से एक्टिव किया जा रहा है। एसपी ने सीओ व थाना प्रभारियों को इस बावत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इन व्हाट्सएप ग्रुप में सेवानिवृत्त अधिकारी, कर्मचारी, फौजी के अलावा शिक्षकों व असरदार लोगों को शामिल किया जा रहा है। बीट के सिपाही को ग्रुप का एडमिन बनाया जाएगा जो लगातार इन लोगों से समन्वय बनाकर रखेंगे।
ड्रोन को लेकर अमरोहा पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
क्या करें
-यदि ड्रोन जैसी कोई वस्तु दिखाई दे तो 112 पर कॉल करें या नजदीकी थाने को सूचित करें।
-ड्रोन की दिशा, उड़ान का पैटर्न देखें, इससे ड्रोन उड़ाने वाले की संभावित लोकेशन का अनुमान लगाया जा सकता है।
-9454458055 (अमरोहा पुलिस मीडिया सेल) पर स्थान, समय, फोटो/वीडियो साझा करें।
-अफवाहें न फैलाएं, बिना पुष्टि के कोई सूचना साझा न करें।
-अपने मोहल्ले, गांव में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाएं, ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पहले भी सफल प्रयास हो चुके हैं।


क्या न करें...
-सुनी सुनाई बातों को बिना पुष्टि शेयर न करें।
-पुराने फोटो या वीडियो को नए घटनाक्रम बताकर शेयर न करें।
-सोशल मीडिया पर लाइक,वायरल पाने के लिए भ्रामक या सनसनीखेज पोस्ट शेयर न करें।
-संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें, स्वयं कोई कार्रवाई न करें।

रात 9 से 12 बजे तक उड़ रहीं अफवाहें
एसपी अमित कुमार आनंद के मुताबिक ड्रोन से जुड़ी अफवाहें सिर्फ 9 से रात 12 बजे तक ही उड़ रही हैं। 112 के सभी इवेंट इन्हीं तीन घंटे के बीच मिले हैं। जिनकी गहनता से जांच कराई जा रही है।
-


ड्रोन का इस्तेमाल करने के लिए ये हैं नियम
- 250 ग्राम से अधिक वजन वाले सभी ड्रोन का डिजिटल स्काई प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन जरूरी है।
- ड्रोन रूल्स 2021 के अनुसार कोई भी ऐसा संचालन जो व्यक्ति या संपत्ति की सुरक्षा के लिए खतरा हो, प्रतिबंधित है।
- नियमों का उल्लंघन करने पर एक लाख रुपये तक का जुर्माना और भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत कार्रवाई हो सकती है।


रात में जागकर पहरा दे रहे ग्रामीण
ड्रोन उड़ाए जाने के मामले अधिकांश रात के समय ही सामने आए हैं। इसके भय से ग्रामीण रात भर जाग कर पहरेदारी करते हुए गुजारने को मजबूर हैं लेकिन रात के समय यह ड्रोन आखिर कौन और क्यों उड़ा रहा है। पुलिस इसे महज एक अफवाह बताते हुए लोगों से सावधान रहने की बात कर रही है लेकिन ग्रामीणों काे दिख रहा ड्रोन आखिर पुलिस को नजर क्यों नहीं आ रहा है। इसका जवाब किसी के पास नहीं हैं। वहीं ड्रोन उड़ने के मामले में पुलिस के पास रोजाना रात को बड़ी संख्या में कॉल पहुंच रही हैं।


ड्रोन और चोरों की अफवाहों से दहशत में ग्रामीण
सैदनगली। क्षेत्र में ड्रोन और चोरों की अफवाहों के बीच लोग दशहत में हैं। हालांकि, लगातार पुलिस गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रही कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दिया जाए। इस्लामी स्कूल के पास रहने वाली महिला शबनम का कहना है कि शुक्रवार रात में आठ बजे के करीब तीन अज्ञात लोग उसके घर में घुस आए थे। उन्हें देखकर उसने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। उसका कहना है कि बदमाशों ने उसके दरवाजे पर लोहे के सरिया से बहुत तोड़ने की भी कोशिश की थी। इसके बाद वह वापस चले गए। उझारी, रहरा, बुरावली इलाके में भी लोग रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं।
-

नहीं थम रहा है ड्रोन दिखाई देने का सिलसिला
मंडी धनौरा। आसमान में ड्रोन दिखाई देने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार रात गांव कमेलपुर में आसमान में रंग-बिरंगी लाइट दिखाई देने पर ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीण घरों से बाहर आ गए थे और रंग-बिरंगी लाइट की फोटो मोबाइल से लेने लगे। हालांकि, कुछ देर बाद लाइट आसमान से गायब हो गई। शनिवार रात भी गांव कमेलपुर में मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति के घूमता दिखाई देने पर ग्रामीणों ने उसे चोर समझ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस उसे अपने साथ ले गई। शुक्रवार रात को भी क्षेत्र के गांव दासपुर, पेलीतगा, टोनिया माफी, मलेशिया, कुआखेड़ा आदि में ड्रोन दिखाई दिया था। मलेशिया गांव में तो ग्रामीणों ने ड्रोन की फोटो भी लेकर सोशल मीडिया पर वायरल की थी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार का कहना है कि कुछ शरारती तत्व जानबूझ कर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

ड्रोन की दहशत बरकरार
कैलसा। क्षेत्र में ड्रोन दिखने का मामला लगातार जारी है। ग्रामीणों का दावा है कि रात के समय रोजाना ड्रोन दिखाई दें रहे हैं। कैलसा क्षेत्र के नन्हेड़ा, भोपुर, जलीलपुर, हसनपुर, हादरपुर, सुल्तानपुर, चकिया, दबका, बहलोलपुर, भोकापुरी, सिहाली समेत अधिकांश गांवों में रात के समय ड्रोन देखे जाने के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस भी लगातार गांव-गांव जाकर ग्रामीणों से संवाद कर इसे मात्र अफवाह बता रही हैं।


पूरा गांव चोरों की वजह से रात भर पहरेदारी में लगा हुआ है। पुलिस इसे रात के समय उड़ रहे हवाई जहाज की लाइट बता रही है। लेकिन असल में है क्या, इसका खुलासा कोई नहीं कर पा रहा है। - कमलेश कुमारी, ग्राम प्रधान, नन्हेड़ा अल्यारपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें