मंडी धनौरा। बार एसोसिएशन की नव निर्वाचित कार्यकारिणी को बृहस्पतिवार की दोपहर शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने अधिवक्ता हित में काम करने का संकल्प व्यक्त किया। बार व बेंच के बीच समन्वय कायम रखने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
बीते 31 दिसंबर को बार एसोसिएशन के चुनाव में संदीप गुप्ता अध्यक्ष, जयप्रकाश सैनी वरिष्ठ उपाध्यक्ष, हितेश कुमार महासचिव व हरिओम सागर कोषाध्यक्ष चुने गए थे। अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया था। बृहस्पतिवार को बार के सभागार में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए एल्डर कमेटी के अध्यक्ष तिलकराज चौहान ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों का बार के सदस्यों से परिचय कराया।
उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए अधिवक्ताओं के हित में काम करने की अपील की। अध्यक्ष संदीप गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारियों ने बार हित में काम करने की शपथ लेते हुए सभी को साथ लेकर चलने की बात कही। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में आए तहसीलदार मूसाराम थारू ने कहा कि बार व बेंच के बीच समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी के लिए वादकारियों का हित सर्वोंपरि होना चाहिए। इस मौके पर संजय गुप्ता, असरपाल सिंह, अनिल भटनागर, रविंद्र प्रताप, प्रदीप अग्रवाल, अवधेश त्यागी, ओमवीर सैनी, अली रफी, अनुराग कुमार, सर्वेश शर्मा आदि मौजूद थे।