मंडी धनौरा। भारतीय किसान यूनियन टिकैत की बैठक में प्रदेश सरकार से मांग की गई है कि सभी उपभोक्ताओं को बिजली बिलों पर छूट प्रदान की जाएं। बैठक में बीते साल की किसान क्रेडिट कार्ड की छूट किसानों के खाते में जमा किए जाने की मांग भी की गई।
भाकियू टिकैत की एक बैठक बृहस्पतिवार को ब्लॉक परिसर में आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह ने कहा कि एकमुश्त समाधान योजना के नाम पर किसानों के साथ छल किया जा रहा है। उन्होंने बिजली अधिकारियों को किसानों के शोषण से बाज आने की चेतावनी दी और सरकार से मांग की कि ओटीएस योजना का लाभ सभी तरह के बिजली बिलों पर मिलना चाहिए। बैठक में चांदरा फार्म गांव में तेंदुए के आतंक से मुक्ति दिलाने के लिए वहां पिंजरा लगाने की मांग की गई। बैठक में नगर की शेरपुर चुंगी पर लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए स्थायी समाधान किए जाने की मांग की गई। वक्ताओं का कहना था कि शेरपुर चुंगी पर लगने वाला जाम नासूर बन गया है। बैठक में छुट्टा पशुओं, नीलगाय व बंदरों से फसल की सुरक्षा के लिए कड़े उपाय किए जाने की मांग की गई। सड़क किनारे खड़े पेड़ों की टहनियां कटवाने की मांग भी की गई। इस मौके पर राष्ट्रीय प्रचार मंत्री करूवा सिंह, देशराज सिंह, सुभाष चीमा, चेतन सिंह, कुशल चौधरी, फुलवास सिंह आदि मौजूद थे।