अमरोहा। उत्तराखंड के खानपुर विधानसभा के विधायक उमेश शर्मा का यह फार्म हाउस एकदम आलीशान है। यह फार्म हाउस झूलपुरी गांव के पास में है। फार्म हाउस में करीब 10 लग्जरी कमरे हैं। सभी में एसी लगा हुआ है। इसके अलावा परिसर में अन्य सुविधाएं भी मौजूद हैं। फार्म हाउस कर्मियों के मुताबिक कुल जमीन तो 120 बीघा है लेकिन फार्म हाउस पचास बीघा में फैला है। यहां पर करीब 10 लोग साफ सफाई व अन्य कार्य के लिए रखे हुए हैं।
फार्म हाउस एकदम सुनसान जगह पर है। सदरपुर-रहमा रोड पर यह फार्म हाउस लगभग 500 मीटर अंदर है। इस रोड पर जहां से फार्म हाउस का रास्ता मुड़ता है वहां एक बोर्ड लगा हुआ है। इसी तरह का एक बोर्ड फार्म हाउस के बाहर भी लगा हुआ है। फार्म हाउस के आसपास करीब चार किलोमीटर तक कोई गांव नहीं है। चारों ओर आम के बाग और गन्ने के खेत हैं। यहां तक पहुंचने वाला रास्ता भी काफी संकरा है। करीब छह से आठ फीट चौड़ी सड़क होने के कारण इस पर एक समय में एक ही वाहन आसानी से निकल पाता है। सुनसान और संकरी सड़क होने के कारण फार्म हाउस तक आम लोगों की आवाजाही भी बेहद कम रहती है। संवाद
-
रजबपुर एसएसआई ने दिलवाए थे फार्म हाउस में कमरे
रजबपुर थाने के एसएसआई नरेश कुमार राणा की भूमिका भी मामले को लेकर चर्चा में है। बताया गया है कि उन्होंने विधायक उमेश कुमार शर्मा के फार्म हाउस पर दुष्कर्म के आरोपियों को कमरे दिलवाए थे। फार्म हाउस के केयरटेकर रामनिवास ने एसएसआई नरेश कुमार राणा पर जबरदस्ती कमरा लेने और धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। इन आरोपों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
दूसरों को हथकड़ी लगाने वालों के हाथों में लगी हथकड़ी
अमरोहा। हरियाणा की युवती से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार सीआरपीएफ कर्मी और पुलिसकर्मियों को न्यायालय में पेश किए जाने के दौरान उनके हाथों में हथकड़ी नजर आई। आमतौर पर पुलिस विभाग से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी के मामलों में विभागीय स्तर पर अलग तरह की सतर्कता देखने को मिलती है, लेकिन इस मामले में आरोपियों के साथ किसी तरह की रियायत नहीं बरती गई। सीआरपीएफ के दोनों आरोपियों को न्यायालय ले जाने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। उनकी सुरक्षा में एक इंस्पेक्टर के साथ दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। इसी तरह दोनों पुलिसकर्मियों के साथ भी इंस्पेक्टर समेत पुलिस बल तैनात रहा। कड़ी सुरक्षा में न्यायालय पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारियों के लिए चारों आरोपियों की सुरक्षा अहम थी, ताकि पेशी के दौरान किसी के फरार होने की स्थिति न बने। संवाद
फार्म हाउस में लगे सिम कार्ड वाले सीसीटीवी कैमरे
अमरोहा। विधायक उमेश शर्मा के झूलपुरी स्थित फार्म हाउस में दर्जनों सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। मुख्य गेट पर हाई विजन वाले दो कैमरे भी लगाए गए हैं, जिनका रुख प्रवेश द्वार की ओर है। ऐसे में फार्म हाउस में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियां कैमरों में रिकॉर्ड होने की संभावना है। केयरटेकर रामनिवास के मुताबिक, कैमरे इस समय चालू हैं या नहीं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि कैमरों में सिम कार्ड लगे हैं। इनकी लाइव फीड और रिकॉर्डिंग देखने की सुविधा विधायक उमेश शर्मा के पास है। पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज अहम साक्ष्य बन सकती है। संवाद
केयरटेकर की तहरीर फेसबुक पर डालने के बाद आलोचनाओं से घिरे विधायक
अमरोहा। विधायक उमेश शर्मा की फेसबुक पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं सामने आईं। बताया गया कि फार्म हाउस के केयरटेकर रामनिवास ने पुलिस अफसरों को एक शिकायती पत्र भेजकर आरोप लगाया कि रात को हसनपुर पुलिस के जो दरोगा और सिपाही आए थे उन्होंने उसे धमकाया था। विधायक उमेश शर्मा ने बृहस्पतिवार की सुबह करीब 10 बजे इस प्रार्थना पत्र को अपने फेसबुक अकाउंट पर अपलोड किया। पोस्ट के बाद कई लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। करीब पांच घंटे में पोस्ट पर 589 लाइक, 110 कमेंट और छह शेयर दर्ज किए गए। कमेंट करने वाले कुछ लोगों ने विधायक की आलोचना की और पोस्ट को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं व्यक्त कीं। कुछ यूजर्स ने व्यक्तिगत टिप्पणियां भी कीं। संवाद