अमरोहा। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) एलुमिनी एसोसिएशन ने शहर के एक होटल में सर सैय्यद डे मनाया। कार्यक्रम में एएमयू संस्थापक सर सैय्यद अहमद खान के जीवन, विचारों और शैक्षिक योगदान को याद किया गया। मुख्य अतिथि भारतीय रेलवे के सेवानिवृत्त एडिशनल डायरेक्टर जनरल, आरएसडीओ असद मुस्तफा रिजवी रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत एएमयू के तराने से हुई। वक्ताओं ने कहा कि सर सैय्यद ने शिक्षा को समाज की तरक्की का माध्यम बनाया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। युवाओं को सिविल सेवा समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करने और छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षिक मार्गदर्शन व अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया, ताकि वे उच्च पदों पर पहुंचकर समाज और देश की सेवा कर सकें।
एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. अमीन उल हक ने सर सैय्यद के शैक्षिक मिशन पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्श अपनाने का आह्वान किया। संचालन अली मोहत्शिम नकवी ने किया। इस दौरान आदिल अब्बासी, डॉ. शकील फारूक, खालिद सिद्दीकी, नवेद अयाज, खुर्रम हसन रिजवी, मिक्की खान, डॉ. वासिफ खान, हारिस अब्बासी, फैजान मसरूर और सबा अमीन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।