गजरौला। आरसीसी सड़क निर्माण कार्य के चलते शनिवार को मंडी समिति बंद रहेगी। गेट चौड़ीकरण का काम होने और नाले पर स्लैब डाले जाने के कारण दस दिन तक मंडी में कोई भी मालवाहक वाहन अंदर नहीं आएगा। मंडी में आने वाले अनाज, फल और सब्जियां आदि बाहर उतारकर ई-रिक्शा से ही अंदर आएंगी।
मंडी की टूटी सड़क व गड्ढों में तब्दील हो गए परिसर में धान, गेहूं, मक्का, सरसों आदि उतारने पर किसानों और आढ़तियों को परेशानी होती थी। इसके अलावा शेड भी जर्जर हो गए थे। उनके नीचे रखा अनाज व अन्य सामान बारिश में भीग जाता था।
मंडी की दशा सुधारने के लिए काम किया जा रहा है। शेड डाल दिए गए। परिसर को ऊंचा करने के लिए उसमें में इंटरलॉक बिछाने के साथ ही आरसीसी सड़क बनाई जा रही है जिससे मंडी में जलभराव की समस्या न हो। आरसीसी सड़क का काम अंतिम चरण में है।
इसके बाद गेट को तोड़कर दोबारा बनाया जाएगा। उसकी चौड़ाई भी बढ़ाई जाएगी। गेट के पास चल रहे कार्य के चलते शनिवार को मंडी बंध रहेगी। वहीं, गेट पर स्लैब डाले जाने का काम किया जाएगा जिसके पक्के होने के लिए दस दिन तक मंडी में कोई भी भारी वाहन अंदर नहीं आएगा। मंडी समिति के सचिव दीपक कुमार ने बताया कि भारी वाहनों में आने वाले माल को मंडी से बाहर ही उतार दिया जाएगा। ई-रिक्शा व अन्य हल्के वाहन से ही उनको मंडी में लाया जा सकेगा।