महिला की हत्या कर शव खुंगावली के जंगल में फेंककर जलाने की कोशिश के मामले का पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। पंद्रह दिन बाद भी न ही महिला के शव की पहचान हो सकी है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में मोबाइल टॉवरों के बीटीएस का भी सहारा लिया था।
थाना क्षेत्र के गांव खुंगावली से तकरीबन पांच सौ मीटर दूर कुदैना वाले मार्ग किनारे वन विभाग के जंगल में 31 दिसंबर की सुबह एक 26 वर्षीय महिला का शव मिला था। जिसे किसी समय रात में फेंका गया था। हत्यारों ने पहचान छिपाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की थी। उसके कपड़े जल चुके थे। थाना पुलिस ने मृतका की पहचान कराने के काफी प्रयास किए थे। आस पास के थानों से भी संपर्क साधा, लेकिन शिनाख्त कराने में नाकाम रहने पर उसका अंतिम संस्कार करा दिया। इसके बाद भी पुलिस के शव की पहचान कराने और हत्यारों का सुराग लगाने के प्रयास जारी रहे। पुलिस ने आस पास के मोबाइल टॉवरों के बीटीएस उठाए, लेकिन इसके बाद भी पुलिस हत्यारों तक पहुंचना तो दूर उनका सुराग तक नहीं खोज पाई। इसके अलावा यह भी पता नहीं कर पाई है कि मृतका कौन और कहां की रहने वाली थी, जबकि घटना को 15 दिन बीत गए हैं। थाना प्रभारी विनय कुमार का कहना है कि हत्यारों का पता लगाने को बीटीएस उठाए गए, अन्य तरीके भी अपनाए, लेकिन कोई क्लू हाथ नहीं लगा है।