मंडी धनौरा(अमरोहा)। बुलंदशहर जनपद से करतब दिखाने आए एक व्यक्ति की रात में किसी समय गहरे नाले में गिरकर मौत हो गई। उसका शव सुबह गणेश आश्रम के सामने एक नाले में पड़ा मिला। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुलंदशहर की इंद्रा कोतवाली क्षेत्र निवासी सेवक (40) पुत्र रामप्रसाद अपने चचेरे भाई लोकेश के साथ दो दिन पहले क्षेत्र में करतब दिखाने आया था। बताया जाता है कि वह नट जाति का था। मंगलवार को वह क्षेत्र में अपने हुनर का प्रदर्शन करने के बाद गणेेश आश्रम में ही रुक गया था। बुधवार की सुबह लगभग 7.30 बजे आश्रम के सामने नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बाहर निकाला और शिनाख्त का प्रयास किया।
प्रभारी निरीक्षक वरुण कुमार ने बताया कि मृतक के भाई लोकेश के अनुसार वे दोनों मंगलवार की सुबह ही यहां आए थे। मध्य रात्रि को सेवक शौच के लिए निकला था। काफी देर तक भी सेवक के वापस नहीं आने पर लोकेश ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सवेरे को नाले में लाश मिलने की सूचना पर लोकेश थाने पहुंचा और सेवक की शिनाख्त की। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।