मंडी धनौरा (अमरोहा)। गन्ना भुगतान की मांग को लेकर तहसील परिसर में रविवार को दूसरे दिन भी भाकियू असली का बेमियादी धरना जारी रहा। भाकियू नेताओं का कहना था कि जब तक किसानों को बीते पेराई सत्र का पूरा भुगतान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
भाकियू असली के कार्यकर्ताओं ने एक अगस्त को बीते पेराई सत्र का गन्ना भुगतान नहीं मिलने के विरोध में तहसील कार्यालय के सामने रोड जाम किया था। भाकियू नेताओं ने अधिकारियों के आश्वासन पर जाम खोल दिया था। उन्होंनेे तहसील परिसर मे बेमियादी धरना शुरू कर दिया था।
रविवार को बारिश के बाद भी भाकियू कार्यकर्ताओं का धरना जारी रहा। जिला प्रवक्ता नरेश कुमार ने कहा कि किसान भुगतान नहीं मिलने से परेशान हैं। मिल प्रबंधन किसानों की समस्याओं को लेकर संवेदनशील नहीं है।
किसानों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। इस मौके पर कपिल प्रधान, जगदीश यादव, सुरेश यादव, डूंगर सिंह, सीआर सैनी आदि मौजूद थे।