अमरोहा। जिले में बुखार का कहर थम नहीं रहा है। हालात यह है कि अस्पतालों के वार्ड फुल हो गए हैं। 102 से 103 डिग्री बुखार से लोग तप रहे हैं। रजिस्ट्रेशन, चिकित्सक और पैथोलॉजी लैब कक्षों के बाहर लोगों में आपाधापी का माहौल रहा। जिला अस्पताल मरीजों की भीड़ देखकर डॉक्टरों में खलबली मची रही। जिला अस्पताल में गुरुवार को 31 मरीज भर्ती थे। इसमें छह बच्चे शामिल हैं। वहीं डेंगू का एक मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। डेंगू मरीजों के लिए जिला अस्पताल में आठ-आठ बेड के दो वार्ड तैयार किए हैं।
कोरोना का कहर अभी पूरी तरह से थमा नहीं है कि वायरल बुखार कहर बरपाने लगा है। बदलते मौसम में मौसमी, संक्रामक और मच्छरजनित बीमारियों का ग्राफ बढ़ गया है। इस बार वायरल बुखार से पीड़ित मरीज डेंगू जैसे लक्षणों के साथ आ रहे हैं। उन्हें बुखार, उल्टी-दस्त, खांसी-जुकाम, सांस लेने में दिक्कत हो रही है। प्लेटलेट्स काउंट कम होने, सिरदर्द और अत्यधिक कमजोरी होने पर अस्पताल में भर्ती करना पड़ रहा है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर बुखार के मरीज हैं। सरकारी अस्पतालों में बेड फुल हैं। निजी अस्पतालों से लेकर छोटे-छोटे क्लीनिकों में बड़ी संख्या में मरीजों का इलाज चल रहा है।
बच्चे, बड़े और बुजुर्ग 102 से 103 डिग्री बुखार के कारण तप रहे हैं। सिर, सीने, पेट, आंखों व जोड़ों में दर्द के लक्षण के साथ ग्रामीण और शहरी इलाकों से सैकड़ों की तादाद में लोग इलाज कराने पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल में सुबह आठ बजे ओपीडी की शुरुआत के साथ ही मरीजों की लंबी कतार लग रही। दिनभर रजिस्ट्रेशन, चिकित्सक, पैथोलॉजी लैब कक्षों के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी होने से चिकित्सक भी हैरान-परेशान हैं। जिला अस्पताल के जनरल वार्ड फुल हो गया है। गुरुवार को वार्ड में 31 मरीज थे। चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
सीएमओ डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि वायरल बुखार के मरीज को परिवार के दूसरे सदस्यों से अलग कमरे में रखना चाहिए। मरीज की स्लाइड बनवाकर मलेरिया की जांच करा लेनी चाहिए। कोरोना की जांच भी कराएं। इस दौरान बरती गई जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है।
टाइफाइड गिरा रहा प्लेटें शरीर में बन रही कमजोरी
अमरोहा। बुखार से ग्रस्त अधिकांश लोग टाइफाइड से पीड़ित है। टाइफाइड की वजह से लोगों की प्लेटलेट्स कम हो रही है। जिस कारण उनके शरीर में कमजोरी बन रही है, इसके साथ ही अन्य बीमारी जकड़ रही है।