अमरोहा। अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय प्रबंधक सभा के पदाधिकारी एकत्र होकर लखनऊ पहुंचे और धरने में शामिल होकर प्रबंधकों के अधिकार दिलाने समेत बीस सूत्रीय मांगों को उठाया।
लखनऊ के श्री महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज मोती नगर के प्रांगण में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष व राज्य सभा सांसद डॉ. अशोक बाजपेई ने की। कहा कि सरकार हमारे अधिकार वापस नहीं करती तो अपने ग्रांट वापस ले ले। हमें ऐसे किसी ग्रांट की आवश्यकता नहीं जिससे छात्रों एवम विद्यालय का विकास ना हो। संगठन महामंत्री दिनेश चंद्र सिंह ने अपने बीस सूत्रीय मांगो को उठाया। शासन प्रशासन के प्रतिनिधि के रूप में सुरेंद्र तिवारी अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने कई मांगों पर शासन प्रशासन की सहमति के बारे में अवगत कराया। कहा कि शीघ्र ही इसके संबंध में शासनादेश व पत्र निर्गत कर दिए जाएंगे। मंत्री एवं प्रमुख प्रवक्ता मनोज सिंह ने कहा कि वेतन वितरण अधिनियम के तहत पहले प्रबंधक आहरण वितरण अधिकारी हुआ करते थे, परंतु वर्तमान समय में सरकार की गलत नीतियों के द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक को ही आहरण वितरण अधिकारी बना दिया गया। प्रबंधक का दूर-दूर तक वेतन वितरण से कुछ लेना देना नहीं है तो फिर फिर वेतन वितरण के अधिनियमों का दुरुपयोग कर प्रबंधकों पर कार्यवाही क्यों हो रही है। इसी तरह के तमाम शोषण की नीति के तहत सरकार के नुमाइंदों द्वारा अवैध करवाई की जा रही है। अधिकारियों के इस तरह के गलत रवैया अपनाए जाने के कारण आज प्रबंधकों ने मन बना लिया है कि अब हम नहीं सहेंगे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सदस्य विधान परिषद ओम प्रकाश त्रिपाठी, कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद कुमार, प्रेम कुमार मौर्य, विजय दयाल, माया गुप्ता, अरुण सिंह, मनोज सिंह, प्रभाकर श्रीवास्तव, गजेंद्र सिंह व जनपद से अशोक चौहान,अंकित कुमार गुप्ता, संजीव यादव, सुधीर कुमार, रोहताश शर्मा, डॉ. विश्वास कुमार, सचिन कौशिक, आशु सिंघल, मोहर सिंह, धर्मवीर सिंह आदि मौजूद रहे।