मंडी धनौरा (अमरोहा)। बरात आने से चार दिन पहले ही युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई। इस घटना से युवती के परिजन सदमे में हैं। वर पक्ष की सहमति के बाद रिश्तेदारों ने शादी की तय तारीख के दिन ही दूसरी युवती के साथ युवक का विवाह करा दिया।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का रिश्ता अमरोहा के एक मोहल्ला निवासी युवक के साथ तय हुआ था। 20 फरवरी को बरात आनी थी। बताया जाता है कि 16 फरवरी की रात बहाना बनाकर युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई। परिजनों ने इसकी सूचना वर पक्ष को दे दी। रिश्तेदारों और लड़की पक्ष के लोगों ने अपने एक रिश्तेदार की लड़की का 20 फरवरी को अमरोहा निवासी उस युवक के साथ ही विवाह करा दिया। युवक के परिजनों ने भी हालात को देखते हुए दूसरी युवती को अपनी बहू बनाने पर सहमति दे दी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने इस घटना की जानकारी होने से इन्कार किया है।